दरभंगा (अशोक “अश्क”) जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामभद्रपुर पंचायत के छकनटोली गांव में शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर रघुवर कुमार की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब गांव में दो भैंसों की आपस में भीषण लड़ाई चल रही थी और उसी दौरान किशोर उनकी चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, रघुवर कुमार गांव के ही इंदो राय का पुत्र था और वह साइकिल से दुकान जा रहा था। उसी दौरान गांव के एक सुनसान इलाके में दो भैंसें आपस में भिड़ रही थीं और एक-दूसरे को खदेड़ रही थीं। इसी क्रम में वे अनियंत्रित होकर सड़क की ओर दौड़ीं और रघुवर उनकी चपेट में आ गया। भैंसों की टक्कर से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तुरंत दरभंगा के हायाघाट अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किशोर की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की दुर्घटना हुई हो, ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।

