हैदराबाद, 01 नवम्बर (अंकिता राय) आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार देर रात एकादशी के अवसर पर पूजा के दौरान मची भगदड़ में 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी और इसी दौरान अचानक अफरातफरी मच गई। लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राज्य के कृषि मंत्री के. अच्चननायडु तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की।मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सुरक्षा के मद्देनज़र मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे राज्य को शोक में डाल दिया है।

