पटना, 01 नवम्बर (पटना डेस्क) खराब मौसम के कारण नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की शुक्रवार को निर्धारित 16 चुनावी सभाएं रद्द हो गईं। उनका हेलिकॉप्टर पटना एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भर सका। तेजस्वी ने पटना में रहकर मोबाइल के माध्यम से मुजफ्फरपुर की सभा को संबोधित किया। 3 मिनट 18 सेकेंड के संबोधन में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए जनता से महागठबंधन की सरकार बनाने की अपील की।

इधर, मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड में जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर को अपने ही समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा। तुर्की ओवरब्रिज के पास प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नाराजगी जताई कि किशोर को पहले मोकामा जाकर दुलार चंद के परिवार से मिलना चाहिए था।
वहीं, आगामी 2 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवादा दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मगध रेंज, गया के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने नवादा में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, हेलीपैड, वीआईपी मार्ग और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आईजी ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के आगमन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता और पारदर्शी रखी जाए। इस दौरान जिलाधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

