बक्सर, 01 नवंबर (विक्रांत) बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव नगर के दक्षिण टोला निवासी डा. श्रवण कुमार चैधरी और डा. संजाता राय की पुत्री शांभवी राय ने तकनीकी शिक्षा और लेखन के क्षेत्र में अमेरिका में नाम कमाया है। शांभवी द्वारा लिखी गई किताब ‘फंडामेंटल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी’ के आधार पर अमेरिका के कई राज्यों के तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है।

शांभवी ने पटना साइंस कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद IIT खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने यूएसए स्थित बर्कले विश्वविद्यालय से MBA किया और सिस्को सिस्टम्स तथा एप्पल जैसी नामी कंपनियों में नौकरी की। नौकरी के दौरान उन्होंने संध्या कालीन शिक्षा में पढ़ाई जारी रखी और बाद में अपनी ‘ट्रेस क्लाउड’ कंपनी लॉन्च की।
लेखिका बनने के अपने सपने को पूरा करते हुए शांभवी ने कैलिफोर्निया के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के सहयोग से किताबें लिखीं। साउथ फ्लोरिडा स्टेट से उन्हें ‘फंडामेंटल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी’ पर लिखने का अनुबंध मिला। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विषयों पर किताबें लिखकर अमेरिका के कई राज्यों में पढ़ाई का माध्यम उपलब्ध कराया।
शांभवी ने अपने पैतृक नगर डुमरांव में छठ पूजा के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि IIT में उनका रैंक 719 आया था और उनका चयन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड, नई दिल्ली में हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में तकनीकी शिक्षा और नेटवर्किंग के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं ताकि युवा छात्र-छात्राओं को लाभ मिल सके।
शांभवी डुमरांव के प्रख्यात दिवंगत चैधरी कालिका राय की पौत्री हैं। उनके बड़े भाई देवव्रत राय दिल्ली में टाइम्स ऑफ इंडिया में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

