समस्तीपुर, 01 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में सभी सेक्टर पदाधिकारियों और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण दो चरणों में होगा। पहला चरण 3 नवंबर को सुबह 10:00 बजे से कल्याणपुर, वारिसनगर, समस्तीपुर और सरायरंजन विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों के लिए रेलवे ऑडिटोरियम, पूर्व मध्य रेल, समस्तीपुर में आयोजित किया जाएगा।
दूसरा चरण उसी दिन दोपहर 12:00 बजे से शिवाजीनगर, विभूतिपुर और रोसड़ा (अजा) विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों के लिए आयोजित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है। प्रशिक्षण में मतदान, ईवीएम संचालन, सुरक्षा और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सभी संबंधित अधिकारी और पुलिस कर्मियों से अपेक्षा की गई है कि वे समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाएं।

