समस्तीपुर, 02 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) दलसिंहसराय के बाजार समिति मैदान में रविवार को आयोजित एनडीए की चुनावी जनसभा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए प्रत्याशी प्रशांत पंकज के पक्ष में जोरदार जनसमर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” और “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के नारे के साथ बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प एनडीए का है।
चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार का तेजी से विकास हुआ है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे नई दिशा दी है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की योजनाओं का लाभ महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को सीधे मिल रहा है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि “यह चुनाव बिहार के भाग्य का फैसला करेगा।” उन्होंने बताया कि एक करोड़ युवाओं को बिहार में ही रोजगार देने की दिशा में काम चल रहा है।
सभा की अध्यक्षता लोजपा (आर) के जिला अध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष कृष्णदेव राय ने किया।
कार्यक्रम में भाजपा, जदयू, लोजपा (आर), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कई नेताओं ने उपस्थित होकर प्रशांत पंकज व रवीना कुशवाहा को जिताने की अपील की।

