बक्सर, 3 नवंबर (विक्रांत) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री, तेजस्वी यादव ने सोमवार को बक्सर जिले के ब्रह्मपुर के चक्की में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन के माले प्रत्याशी डॉ. अजीत कुमार सिंह उर्फ डॉ. अजीत कुशवाहा को विजयी बनाने की अपील की।
बिहार के चुनावी समर में व्यस्तता के कारण डुमरांव न पहुँच पाने का दुःख व्यक्त करते हुए तेजस्वी ने कहा कि अजीत सिंह कुशवाहा उनके सहयोगी साथी और बड़े भाई समान हैं, और उन्हें जिताना अत्यंत आवश्यक है।

तेजस्वी ने दावे के साथ कहा कि बिहार में इस बार महागठबंधन की सरकार बनना तय है और वह मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने एक बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा कि सरकार बनने के महज बीस माह के अंदर राज्य के हरेक घर के एक युवक को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। उन्होंने अपने इस वादे को दोहराते हुए कहा कि वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण पांच लाख युवकों को शिक्षक की नौकरी प्रदान करना है।
राजद प्रत्याशी शंभूनाथ यादव के समर्थन में सभा को संबोधित करने के बाद, तेजस्वी यादव ने विशेष तौर पर तैयार किए गए वीडियो क्लिप के माध्यम से भी महागठबंधन के माले प्रत्याशी डॉ. अजीत कुशवाहा को जिताने की अपील की।

