हैदराबाद, 03 नवम्बर (अंकिता राय) तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के चेवेला मंडल में खनापुर गेट के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 19 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे पर राज्य के परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर और केटीआर ने गहरा दुख जताया है। दोनों नेताओं ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और मृतकों के परिवारों को तत्काल सहायता दी जाए।
स्थानीय विधायक काले यादैया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क की संकरी चौड़ाई और अधूरे चौड़ीकरण कार्य हैं। उन्होंने कहा, *“बिजापुर से मनेगुड़ा तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पांच साल पहले मंजूर हुआ था, लेकिन कुछ लोगों ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में आपत्ति दर्ज करवाई थी, जिसके कारण काम रुक गया।”

यादैया ने बताया कि इस मार्ग पर वाहनों की भारी आवाजाही होती है, लेकिन सड़क बेहद संकरी है। उन्होंने कहा कि अब NGT में मामला वापस ले लिया गया है और दो दिन पहले ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य फिर से शुरू हुआ है
तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। यह एक हादसा था, लेकिन ऐसे घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाना जरूरी है।”

