समस्तीपुर, 09 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र के महादेव मठ वार्ड संख्या 12 स्थित संत कबीर रामजीवन मुशाय नायक महिला महाविद्यालय में शनिवार से दो दिवसीय 49वां आचार्य रामजीवन निर्माण महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से कबीरपंथ के संत, महंत, अनुयायी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण में कबीर के दोहों, भजन-कीर्तन और प्रवचनों की गूंज से गूंज उठा।

आचार्य महंत विद्यानंद शास्त्री ने बताया कि यह महोत्सव कबीरपंथ की गौरवशाली परंपरा और आचार्य रामजीवन के जीवन-दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आचार्य रामजीवन ने समाज सेवा, समानता और सत्य की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

महोत्सव के दूसरे दिन महादेव मठ में सत्संग और प्रवचन के साथ ‘चौक पान’ का आयोजन किया जाएगा, जो कबीरपंथी परंपरा में प्रेम, एकता और संत अनुशासन का प्रतीक है।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास और स्वास्थ्य की पूरी व्यवस्था की है। आचार्य शास्त्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक नहीं बल्कि समाज में भाईचारा, समानता और आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का संदेश देता है। पूरे नगर में उत्साह का माहौल है और रोसड़ा कबीरपंथी भक्ति एवं आध्यात्मिक रंग में रंगा रहेगा।

