नई दिल्ली, 11 नवम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर कुछ मीडिया चैनलों और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। उन्हें तबियत खराब होने के कारण ब्रीच कैनेडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद कई मीडिया संस्थानों ने यह दावा किया कि 89 वर्षीय अभिनेता का निधन हो गया है। एक बड़ी अंग्रेजी पत्रिका ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का निधन हो गया है और उनकी टीम ने इसकी पुष्टि की। कई अन्य मीडिया चैनलों ने भी इस खबर को अपने प्लेटफॉर्म पर साझा किया।

हालांकि, एक बड़े अख़बार की पड़ताल में यह दावा गलत पाया गया। धर्मेंद्र का निधन नहीं हुआ है। उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और वे स्थिर हैं। इस खबर का खंडन करते हुए उनकी पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने एक्स पर पोस्ट किया, “जो हो रहा है वह अक्षम्य है। ज़िम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जिसका इलाज चल रहा है और ठीक हो रहा है? कृपया परिवार और उनकी निजता का सम्मान करें।”
धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “ऐसा लगता है कि मीडिया हद से ज़्यादा सक्रिय है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिताजी की हालत स्थिर है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार को गोपनीयता प्रदान करें। पिताजी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।”
इस घटना ने मीडिया में जिम्मेदारी और अफवाह फैलाने की समस्या पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धर्मेंद्र के प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया पर उनके स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिवार का समर्थन किया।

