पटना, 13 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे, लेकिन मोकामा विधानसभा सीट पर जीत से पहले ही दोनों प्रमुख प्रत्याशियों ने जश्न की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाहुबली नेता अनंत सिंह और उनके प्रतिद्वंद्वी सूरजभान सिंह के समर्थक अपने-अपने ठिकानों पर महाभोज की तैयारी में जुटे हैं।

अनंत सिंह के पटना स्थित माल रोड आवास पर पिछले दो दिनों से जोरदार तैयारियां चल रही हैं। यहां 12 चूल्हों पर 48 हलवाई लगातार पकवान बना रहे हैं। बताया गया है कि करीब 2 लाख रसगुल्ले और काले जामुन तैयार किए जा रहे हैं। भोज में पूरी-सब्जी, पुलाव, रायता और चटनी भी शामिल होगी। यह भोजन करीब 50 हजार लोगों के लिए बनाया जा रहा है। खुद अनंत सिंह के बेटे लंदन से वीडियो कॉल के माध्यम से तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
उधर, सूरजभान सिंह ने भी अपने पटना स्थित आवास पर जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। दोनों पक्षों में माहौल उत्सव जैसा है। मोकामा का “किंग” कौन बनेगा, इसका फैसला शुक्रवार को मतगणना के बाद होगा, लेकिन जश्न की रौनक से लगता है कि दोनों ओर जीत का पूरा विश्वास है।

