नई दिल्ली, 13 नवम्बर (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान खत्म होने के बाद आए वोट वाइब एक्जिट पोल ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। सर्वे के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव के बीच सत्ता की लड़ाई बेहद करीबी बनी हुई है। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सीमित स्तर पर प्रभाव डालते हुए मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री पद के लिए तेजस्वी यादव को 35% लोगों ने पसंद किया है, जबकि नीतीश कुमार को 33% मतदाताओं का समर्थन मिला है। जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर को करीब 9% लोगों ने विकल्प के रूप में देखा है। वोट प्रतिशत के लिहाज से एनडीए को 45% और महागठबंधन को 42% वोट मिलने का अनुमान है, जबकि जन सुराज पार्टी लगभग 5% वोट हासिल करती दिख रही है।
महिला मतदाताओं ने इस बार भी नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है। जीविका योजना जैसी योजनाओं ने एनडीए की पकड़ ग्रामीण महिलाओं में मजबूत की है। दूसरी ओर, युवाओं ने तेजस्वी यादव के रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया है
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वोटों का मामूली अंतर नतीजों को पलट सकता है। जन सुराज का सीमित वोट शेयर भी अगर किसी एक पक्ष से अधिक कटा, तो यह बिहार की सत्ता की तस्वीर पूरी तरह बदल सकता है। अंतिम फैसला अब मतगणना के दिन ही तय होगा।

