समस्तीपुर, 13 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिवाजीनगर प्रखंड के बंधार पंचायत वार्ड संख्या 4 स्थित पंचायत भवन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर APHC, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बंधार के सहयोग से आर. एस. मेमोरियल कैंसर सोसाइटी, रोटरी पटना मिडटाउन और सवेरा कैंसर हॉस्पिटल, पटना द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया।

शिविर में कुल 53 लोगों की जांच की गई, जिनमें एक व्यक्ति संदिग्ध पाया गया। कैंसर जांच के अलावा ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, हीमोग्लोबिन, बीएमआई और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्तन, मुख, गर्भाशय और फेफड़ों के कैंसर सहित विभिन्न प्रकार की जांच की।

सवेरा कैंसर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. वी. पी. सिंह ने कहा कि “कैंसर से डरने की नहीं, सजग रहने की जरूरत है। प्रारंभिक लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं।” ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने शिविर की सराहना की। इस पहल से गांव-गांव में कैंसर जागरूकता फैलाने में मदद मिलेगी और समय पर जांच से उपचार संभव हो सकेगा।

