समस्तीपुर, 13 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट को तीन लेयर सुरक्षा में समस्तीपुर कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। यहां सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के दो-दो कार्यकर्ता लगातार ड्यूटी दे रहे हैं। इसके अलावा, 100 पैरा मिलिट्री और 100 बिहार पुलिस जवान शिफ्ट में सुरक्षा संभाल रहे हैं। ईवीएम को डबल लॉक सिस्टम से सुरक्षित किया गया है और 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी, और सुबह छह बजे तक सभी मतगणना कर्मियों को रिपोर्ट करना अनिवार्य है। दिन के 12 बजे तक रुझानों की तस्वीर स्पष्ट होने की संभावना है। प्रत्येक विधानसभा के लिए 14 टेबल पर गिनती होगी, जिसमें रोसड़ा में 29 राउंड, वारिसनगर में 28, समस्तीपुर में 23, उजियारपुर में 26, मोरवा में 24, सरायरंजन में 23, मोहिउद्दीननगर में 22, विभूतिपुर में 24, कल्याणपुर में 28 और हसनपुर में 26 राउंड की गिनती होगी।
वहीं, देर शाम समस्तीपुर जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं एसपी ने सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लिया। हर विधानसभा के लिए सीसीटीवी स्क्रीन पर प्रत्याशियों के कार्यकर्ता शिफ्ट के अनुसार निगरानी करेंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित रहे।

