समस्तीपुर, 15 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर के उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रत्याशी प्रशांत कुमार पंकज ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए एनडीए को अपार बहुमत दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं और मतदाताओं ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया।

उजियारपुर से अपनी हार स्वीकार करते हुए प्रशांत पंकज ने कहा कि बड़े जनसमर्थन के बावजूद परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन वे निराश नहीं हैं। उन्होंने अपने पक्ष में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं के साथ-साथ जिन्होंने मत नहीं दिया, उनका भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पराजित होने के बाद भी वे उजियारपुर के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे और पहले की तरह जनता के बीच सक्रिय रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने राज्य में मजबूत प्रदर्शन किया है और 6 में से 4 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया कि नई बनने वाली सरकार में भी उनकी पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मौके पर रालोमो प्रखंड अध्यक्ष धनेश्वर महतो, लोजपा रामविलास नेता अशोक पासवान सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित थे।

