पटना, 16 नवम्बर (पटना डेस्क) दिनांक 16 नवंबर 2025 को नालंदा में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और सशक्त प्रेस लोकतंत्र की आधारशिला है। मीडिया न केवल समाज को जागरूक करता है बल्कि जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने तथा प्रशासन और जनता के बीच सेतु का काम भी करता है।
इस वर्ष प्रेस दिवस की थीम थी—
“Safeguarding Press Credibility Amidst Rising Misinformation”
(बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा)
डीएम ने कहा कि डिजिटल युग में गलत सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज हो गया है, जो प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक ढांचे पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए पत्रकारों को तथ्य-जांच, विश्वसनीय स्रोत, प्रमाण-आधारित रिपोर्टिंग और पारदर्शिता को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि “विश्वसनीयता ही प्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है।”
डीएम ने नालंदा के विकास में प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और आग्रह किया कि जिले की सफल कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाकर नालंदा का नाम रोशन किया जाए।
कार्यक्रम का संचालन रजनीकांत ने किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में प्रमाण आधारित रिपोर्टिंग का महत्व और बढ़ गया है। भ्रामक खबरें न केवल जनता का भरोसा कम करती हैं बल्कि मीडिया की गरिमा भी प्रभावित करती हैं।
इस अवसर पर पत्रकार रवि रंजन, राजकुमार मिश्र, रणजीत सिंह, महफूज आलम, राज सहित कई प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में नगर आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

