समस्तीपुर, 19 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) आज बुधवार को समस्तीपुर जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत मुक्तापुर पंचायत के राजस्व ग्राम केशो पट्टी स्थित किसान सुनील कुमार सिंह के खेत में अगहनी धान फसल कटनी कर उत्पादन का आकलन किया। यह कार्य उनकी अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सुमित सौरभ, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, सहायक एवं प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रखंड और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

फसल आकलन के लिए 10 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा क्षेत्र, कुल 50 वर्ग मीटर में धान की कटनी कराई गई। निर्धारित क्षेत्र से प्राप्त धान का उत्पादन 25.300 किलोग्राम दर्ज किया गया। इस आधार पर उपज 50.600 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। अधिकारियों ने बताया कि पांच से सात दिन बाद सूखे दाने का वजन कर अंतिम उपज की पुष्टि की जाएगी।
फसल कटनी एवं आकलन के दौरान किसान सुशील कुमार सिंह, गोविंद सिंह, त्रिभुवन राय, रंजीत राय, सुभाष कुमार सिंह सहित कई स्थानीय किसान मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने किसानों से खेत की स्थिति और उत्पादन से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।

