पटना, 19 नवम्बर (पटना डेस्क) जनता दल यूनाइटेड के नवनिर्वाचित विधायकों ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को अपना नेता चुन लिया। बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई और साढ़े 11 बजे जदयू विधायकों ने पुनः नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुनते हुए उन पर अपना पूर्ण विश्वास जताया। जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि बिहार की जनता ने उत्साह के साथ नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है। मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की पहली और अंतिम पसंद वही हैं। मंत्रिमंडल गठन पर रजक ने बताया कि यह निर्णय स्वयं नीतीश कुमार लेंगे। बैठक से पहले जदयू विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि यह बिहार के लिए अत्यंत शुभ दिन है और नीतीश कुमार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उधर, भाजपा विधायक दल की बैठक पार्टी कार्यालय में हुई, जिसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और संभावित डिप्टी सीएम चुना गया। विजय सिन्हा को उपनेता बनाया गया, जिन्हें दूसरे डिप्टी सीएम पद के लिए माना जा रहा है। इस प्रस्ताव का समर्थन प्रेम कुमार, राम कृपाल यादव, कृष्ण कुमार ऋषि, संगीता कुमारी सहित कई विधायकों ने किया। हालांकि 19 सीटें जीतने वाली चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) एक डिप्टी सीएम और तीन मंत्री पद की मांग पर अड़ी है, जिस पर बातचीत जारी है। दिल्ली में हुई बैठक में अंतिम फैसला नहीं हो सका।
उपनेता चुने जाने के बाद विजय सिन्हा ने कहा कि वह नेतृत्व के आभारी हैं और सुशासन के माध्यम से विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
दोपहर 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की बैठक होगी। इसमें जदयू, भाजपा, लोजपा (रामविलास), हम और लोक जनशक्ति पार्टी के सभी विधायक तथा नीतीश कुमार, चिराग पासवान, सम्राट चौधरी आदि नेता मौजूद रहेंगे। इसी बीच गृह मंत्री अमित शाह के भी पटना पहुंचने की संभावना है।

