नालन्दा, 22 नवम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में इंग्लिश शराब बरामद की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तस्करों की चालाकी धरी की धरी रह गई और एक प्राइवेट कोरियर कंपनी की पिकअप वैन से 3,612 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई। यह कार्रवाई बिंद थाना क्षेत्र के बेनार–सकसोहरा मुख्य मार्ग स्थित फोरलेन चौराहा के निकट भट्ठा तर में की गई।

इंस्पेक्टर सह बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से पटना के जीरो माइल के लिए बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की, इसी दौरान शराब से भरी पिकअप वैन मौके पर पहुंची। तलाशी में मेड इन अरुणाचल प्रदेश 999 गोल्ड प्रीमियम व्हिस्की के 301 कार्टन मिले, जिनमें 750 मिली लीटर की कुल 3,612 बोतलें थीं, जो लगभग 2,709 लीटर विदेशी शराब बताई गई है।गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के चतरा जिला निवासी उदय कुमार पासवान (28) और नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के घोरहरी गांव निवासी मिंटू कुमार (23) शामिल हैं। पुलिस ने पिकअप वैन जब्त कर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

