नई दिल्ली, 24 नवम्बर (अशोक “अश्क”) दिल्ली सरकार ने सड़कों की मरम्मत के साथ अब राजधानी के प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण पर भी जोर बढ़ा दिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अनुकंपा चौक, दीपाली चौक, संत नगर चौक, अंबेडकर एक्स-रिंग और मधुबन चौक के सौंदर्यिकरण के लिए टेंडर जारी किया है। इन पांचों चौराहों पर एक करोड़ से अधिक की लागत से काम किया जाएगा।

गौरतलब है कि दो वर्ष पहले जी-20 शिखर सम्मेलन से पूर्व दिल्ली गेट चौराहे के किए गए सुंदरीकरण को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने करीब 40 चौराहों के विकास की योजना बनाई थी, लेकिन पूर्व सरकार इसे आगे नहीं बढ़ा पाई। नई पहल के तहत न केवल चौराहों को सुंदर बनाया जाएगा बल्कि उन्हें व्यवस्थित करते हुए यातायात सुगम बनाने पर भी फोकस रहेगा।
जिन चौराहों पर अभी फ्लाईओवर नहीं हैं और जहां लालबत्तियाँ संचालित हैं, वहां ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि सिग्नल ग्रीन होने पर अधिक से अधिक वाहन गुजर सकें। इसके लिए चौराहों की आंतरिक दूरी कम की जाएगी। साथ ही हरियाली बढ़ाने, फूलों वाले पौधे लगाने, पत्थर की मूर्तियाँ और स्कल्पचर स्थापित करने की योजना है। फव्वारे लगाने पर जोर कम रखते हुए केवल चुनिंदा स्थानों पर छोटे फव्वारे लगाए जाएंगे।
उक्त पांचों चौराहों के डिजाइन के लिए सर्वे कराया जाएगा और उसके आधार पर यातायात प्रबंधन व सौंदर्यिकरण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

