पटना, 25 नवम्बर (पटना डेस्क) शेखपुरा जिले में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के एकसारी बीघा और कंबलगढ़ गांव के बीच शेखपुरा–सिकंदरा हाईवे पर हुई, जहां सवारी से भरी ऑटो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। जोरदार भिड़ंत में मौके पर ही छह यात्रियों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों में टुनटुन यादव की पत्नी आशा देवी उर्फ सीमा देवी (56) और उनका बेटा राहुल कुमार शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान धमसेना गांव निवासी राजकुमार साव के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी यात्री चेवाड़ा की ओर से ऑटो से शेखपुरा लौट रहे थे, जबकि ट्रक चेवाड़ा की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
चश्मदीदों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार 70–80 किमी प्रति घंटे रही होगी। ओवरटेक के दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का आगे का हिस्सा पूरी तरह ट्रक में समा गया और उसके परखच्चे उड़ गए। ऑटो चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे की गंभीरता को देखकर इलाके में तनाव का माहौल है।

