समस्तीपुर, 25 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) आज दिनांक 25.11.2025 को श्री *रोशन कुशवाहा (भा.प्र.से.), जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने अवगत कराया कि जिला टास्क फोर्स द्वारा चयनित 297 समितियों में से अब तक 135 समितियों द्वारा 363 किसानों से 1623 मीट्रिक टन धान अधिप्राप्त किया गया है।

जिला पदाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति को त्वरित गति से पूरा करने के लिए सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया:
- चयनित सभी समितियों को दो दिनों के अंदर क्रियाशील बनाना सुनिश्चित करें।
- प्रत्येक पंचायत में कैम्प लगाकर इच्छुक किसानों का निबंधन तीव्र करें।
- निबंधित किसानों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर धान अधिप्राप्ति में तेजी लाएं।
- सभी अधिप्राप्ति किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी (सह नोडल), जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के प्रतिनिधि, सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, समस्तीपुर जिले के बैंक कर्मचारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी को निर्देश दिए गए कि अधिप्राप्ति प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए।

