समस्तीपुर, 26 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर बुधवार को समाहरणालय परिसर से समस्तीपुर प्रखंड के सभी मध्य एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी को अधीक्षक, मद्य निषेध मनोज कुमार सिंह तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान जमालुद्दीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रभात फेरी समाहरणालय परिसर से शुरू होकर बस स्टैंड, ताजपुर रोड, आर.एस.बी. इंटर स्कूल मार्ग होते हुए काशीपुर तक पहुंची और अंततः पटेल मैदान में संपन्न हुई। बच्चों की लंबी कतारों और उनके जोशीले नारों ने पूरे रास्ते को नशामुक्ति के संदेश से भर दिया। स्थानीय नागरिकों और खिलाड़ियों ने भी बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए इस अभियान में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक पंकज कुमार सिन्हा, शिक्षक सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार, ऋतुराज जायसवाल, विकास विशाल, प्रधानाध्यापक विजय कुमार, ललित कुमार घोष एवं अशोक कुमार साह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मौके पर डीपीओ एसएसए एवं अधीक्षक मद्य निषेध ने कहा कि नशा समाज को खोखला करने वाली गंभीर बुराई है, इसलिए युवाओं में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों के उत्साह और सहभागिता की सराहना करते हुए इसे सामाजिक बदलाव की सकारात्मक पहल बताया। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने ऊर्जावान नारों के माध्यम से लोगों को नशा छोड़ने और इसके दुष्परिणामों से बचने का संदेश दिया। आयोजन का पूरा माहौल जागरूकता, जोश और सामाजिक एकता से सराबोर रहा।

