पटना, 26 नवम्बर (पटना डेस्क) नीतीश सरकार ने मंत्रियों के पदभार ग्रहण के साथ ही सभी को नए सरकारी आवास आवंटित कर दिए हैं। इस बार कई वरिष्ठ मंत्रियों के बंगले बदले गए हैं और लगभग दो दशक बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी का आवास भी बदल दिया गया है। तेज प्रताप यादव का वर्तमान आवास एससी-एसटी कल्याण मंत्री को अलॉट कर दिया गया है।

भवन निर्माण विभाग ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पाँच देशरत्न मार्ग, विजय कुमार सिन्हा को तीन स्ट्रैंड रोड, विजय कुमार चौधरी को पाँच सर्कुलर रोड, बिजेंद्र प्रसाद यादव को एक स्ट्रैंड रोड सहित अन्य मंत्रियों को नए बंगले आवंटित किए गए हैं। मंगल पांडेय और नितिन नवीन को पहले की तरह ही एक-दूसरे के समीप टेलर रोड स्थित आवास मिले हैं।
राबड़ी देवी को नोटिस जारी करते हुए 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास तीन महीने में खाली करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें अब हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पुल का आवास संख्या 39 अलॉट किया गया है। लालू परिवार 2006 से इस बंगले में रह रहा था।
इस कार्रवाई के बाद आरजेडी खेमे में हलचल बढ़ गई है। राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव को आवास खाली करने का आदेश मिलने पर तेज प्रताप और रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा तंज कसा। दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि “सुशासन बाबू का विकास मॉडल लालू प्रसाद यादव का अपमान करना है। घर से निकाल देंगे, लेकिन बिहार की जनता के दिल से कैसे निकालेंगे।”
तेज प्रताप यादव का आवास 26 एम स्ट्रैंड रोड अब मंत्री लखेन्द्र पासवान को आवंटित किया गया है। आवासों के पुनर्विन्यास को लेकर राज्य की सियासत में नई बहस शुरू हो गई है।

