समस्तीपुर, 26 नवंबर (मोहम्मद जमशेद) मजदूर विरोधी चार श्रम कोड वापस लेने, काम के 12 घंटे करने के प्रस्ताव को रद्द करने, ठेका पर बहाली बंद करने, नल-जल अनुरक्षकों को स्थायी करने तथा खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने सहित अन्य मांगों को लेकर भाकपा, माकपा और भाकपा के किसान, मजदूर एवं कर्मचारी संगठनों ने बुधवार को समस्तीपुर में जोरदार प्रदर्शन किया।

स्टेशन चौराहा से निकाले गए जुलूस ने शहर की सड़कों पर भारी संख्या में लोगों को जुटा दिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और प्लेकार्ड उठाकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उजागर किया। जुलूस समस्तीपुर समाहरणालय पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई और जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा गया।

संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आगामी दिनों में और बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में शामिल मजदूरों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर संविधान और श्रमिक अधिकारों के संरक्षण की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

