पटना, 27 नवम्बर (पटना डेस्क) रक्सौल–घोड़ासहन नहर कैनाल रोड पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर त्रिलोकीनाथ मंदिर के पास नहर में जा समाई। दुर्घटना में रामगढ़वा के शिक्षक एवं पत्रकार रैयाज आलम उर्फ लड्डू की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार में कुल पाँच लोग सवार थे।

वाहन इतनी तेज रफ्तार में था कि चालक दिलीप कुमार अचानक नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे लगी मजबूत रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पानी में डूबी गाड़ी से यात्रियों को निकालने का प्रयास शुरू किया। नहर की गहराई और थार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर सभी सवारों को बाहर निकाला।इधर, घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य तेज किया। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से एसआरपी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पत्रकार रैयाज आलम को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों—राजकुमार गुप्ता, कुणाल गुप्ता, दिलीप कुमार और अभिषेक कुमार—की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार, सभी मित्र एक शादी समारोह से लौट रहे थे। देर रात वापस लौटते समय त्रिलोकीनाथ मंदिर के पास थार अचानक बेकाबू हुई और नहर में जा गिरी। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने वाहन को नहर से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

