पटना, 01 दिसम्बर (पटना डेस्क) दक्षिण भारत में कहर बरपा रहा चक्रवात ‘दितवाह’ अब बिहार के मौसम को भी अपनी चपेट में लेने लगा है। हालांकि तूफान का सीधा खतरा राज्य पर नहीं है, लेकिन इसके बाहरी बादलों ने बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है। सोमवार सुबह गोपालगंज, बेतिया, बेगूसराय समेत सात जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम और सड़कों पर रफ्तार थम गई।

पिछले 24 घंटे में किशनगंज 12.6°C के साथ सबसे ठंडा जिला दर्ज हुआ। वहीं औरंगाबाद, जो तीन दिनों से लगातार सबसे कम तापमान का रिकॉर्ड कायम कर रहा था, में रविवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 13.1°C हो गया। इस समय बिहार में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 0.9 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री अधिक बना हुआ है। यही वजह है कि रात और सुबह की ठंड उम्मीद के मुताबिक तेज नहीं हो पा रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश या तूफानी हवाओं का कोई खतरा नहीं है। हालांकि दिसंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम करवट लेने वाला है। पछुआ हवा तेज होने के साथ ही शीतलहर जैसे हालात बनने की आशंका है।
वैज्ञानिकों के अनुसार 7 से 9 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज होगी और रात का पारा 10 डिग्री तक लुढ़क सकता है। कई जिलों में हल्की गलन भी महसूस होगी। फिलहाल साफ है—चक्रवात ‘दितवाह’ भले ही दूर हो, लेकिन बिहार उसकी ठंडी मार झेलने को तैयार रहे।

