समस्तीपुर, 05 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर रोसड़ा अनुमंडल प्रशासन ने गुरुवार को हसनपुर प्रखंड के दुधपुरा कोठी स्थित मालिकाना भूमि से तीन दशक से अधिक समय से बसे अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए बड़ी कार्रवाई की। जगतानंद सिंह की जमीन पर लगभग 35 वर्षों से खराज, मंगलगढ़ और सुंदरिया नगर के आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा 150 से अधिक खपरैल, फूस व एलबेस्टर से बने घरों का कब्जा था।

रोसड़ा अनुमंडलाधिकारी संदीप कुमार, अनुमंडल आरक्षी उपाधीक्षक संजय कुमार सिन्हा, हसनपुर अंचलाधिकारी पुष्पलता कुमारी और थानाध्यक्ष अकमल खुर्शीद की नेतृत्व में सैकड़ों पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीनों द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कई फूसनुमा घरों और समीप के गन्ना खेत में आग लग गई, जिसे अग्निशामक दल ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। अतिक्रमण हटाने के दौरान उपद्रवियों द्वारा पत्थरबाजी भी की गई, जिसमें दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है। तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। अधिकारियों ने साफ कहा कि अदालत के आदेश का पालन करते हुए भूमि को पूर्णत: अतिक्रमणमुक्त कराया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

