बक्सर, 08 दिसम्बर (विक्रांत) बिहार के औद्योगिक नक्शे में नई चमक जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बक्सर के नवानगर औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। विशेष आर्थिक जोन (SEZ) के रूप में विकसित किए जा रहे इस क्षेत्र को उन्होंने राज्य का उभरता औद्योगिक पॉवरहब बताते हुए कार्यों में और तेजी लाने का निर्देश दिया।मुख्यमंत्री ने वरुण बेवरेज लिमिटेड के पेप्सीको बॉटलिंग प्लाट, ड्रिंकिंग वाटर प्लांट, क्वालिटी इंश्योरेंस लैब, भारत प्लस इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड तथा SLMG बेवरेज लिमिटेड के कोका-कोला यूनिट का निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रिया, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और माइक्रो लैब से जुड़े पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली।

अधिकारियों ने उन्हें निवेश, रोजगार, उत्पादों के बाजार और उपलब्ध सुविधाओं पर प्रजेंटेशन दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि नवानगर को इंडस्ट्रियल हब बनाने के लिए निवेश बढ़ाना और स्थानीय युवाओं को व्यापक रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है। 439.68 एकड़ में फैले इस क्षेत्र की 126.51 एकड़ जमीन को SEZ के रूप में स्वीकृति मिल चुकी है, जहां निर्यातक कंपनियों को जमीन आवंटित की जाएगी। इससे बिहार की विदेशी व अंतरराज्यीय बाजारों में हिस्सेदारी बढ़ेगी।CM ने सड़क, बिजली, जल निकासी, सुरक्षा, सोलर स्ट्रीट लाइट, महिला छात्रावास जैसी बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। निरीक्षण के बाद उन्होंने बक्सर के नए फोर लेन गंगा पुल का हवाई सर्वेक्षण किया, जो बिहार-यूपी कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय व्यापार को नई गति देगा।इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। “

