नई दिल्ली, 09 दिसम्बर (अशोक “अश्क”) उत्तर भारत में धीरे-धीरे ठंड का प्रकोप लगातार कहर बनकर टूट रहा है। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी से मैदानी राज्यों में शीतलहर और अधिक तीखी हो गई है। वहीं कई शहरों में पारा तेजी से गिरने लगा है, जिससे आम जनजीवन पर ठंड का असर साफ देखा जा रहा है।

इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चार राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदूषण की मार झेल रही दिल्ली अब घने कोहरे से भी परेशान होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं अगले दो दिनों तक ठंड को और तेज करेंगी। सुबह व देर रात कोहरा घना रहेगा और विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है।उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर ने रफ्तार पकड़ ली है। कई जिलों में ठंड का असर 48 घंटे तक और सख्त रहने के आसार हैं। वहीं पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बादलों का डेरा रहेगा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिण में तमिलनाडु व पुडुचेरी में 11 नवम्बर तक बरसात जारी रह सकती है। बिहार, झारखंड और यूपी के कई हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

