पटना, 09 दिसम्बर (पटना डेस्क) वैशाली जिले के हाजीपुर–लालगंज रोड पर मंगलवार सुबह लगभग साढ़े 8 बजे कंचनपुर धनुषी के पास तेज रफ्तार बस ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार यात्री हवा में उछलकर लगभग 500 मीटर तक सड़क पर बिखर गए।

मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दस लोग गंभीर रूप से घायल हैं और कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर खून, टूटे सामान और जूते बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों गाड़ियां वन-वे सड़क पर तेज रफ्तार में आमने-सामने से आ रही थीं—बस करीब 70 तो ऑटो लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में था। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिस पर आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा। मृतकों में दिलशेर शामिल हैं, जो चार दिन पहले ही दोबारा पिता बने थे, जबकि मजदूर दिलीप राय चेन्नई से लौटकर घर पहुंच भी नहीं पाए।

