समस्तीपुर, 11 दिसंबर (मोहम्मद जमशेद) हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बेहाल समस्तीपुर में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। ऐसे हालात में पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए विभिन्न चौक-चौराहों पर सुबह-शाम अलाव की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।

उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पछुआ हवा की तेज रफ्तार और लगातार धूप न निकलने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। छह से दस किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चल रही ठंडी हवा ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है।शाहीन ने बताया कि सबसे अधिक खतरा बच्चों और बुजुर्गों को है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में गरीब तबका ठंड से कराह रहा है। दिहाड़ी मजदूरों की हालत बेहद खराब है—ठिठुरन के बावजूद उन्हें रोजी-रोटी के लिए सुबह-सुबह काम पर निकलना पड़ता है।पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि अलाव की समुचित व्यवस्था नदारद है, जिसके कारण लोग राहत के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अविलंब सभी प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाने और गरीब-जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण की मांग की है, ताकि जनता को राहत मिल सके और शीतलहरी के दंश से कुछ बचाव हो सके।

