
बक्सर, 24 दिसम्बर (विक्रांत) पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने केशोपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंप हाउस की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली और तकनीकी बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की।

जांच में पाया गया कि उक्त पंप हाउस के माध्यम से क्षेत्र में आर्सेनिक मुक्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जिसे डीएम ने संतोषजनक बताया।निरीक्षण के क्रम में डीएम ने कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया कि भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पंप की क्षमता का विस्तार किया जाए।

इसके लिए एक विस्तृत कार्य योजना तैयार कर शीघ्र प्रतिवेदन समर्पित करने का आदेश दिया गया।डीएम ने जलापूर्ति कार्य से उत्पन्न समस्याओं और क्षतिग्रस्त सड़कों की यथाशीघ्र मरम्मति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के शत-प्रतिशत घरों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी घरों में पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सिमरी एवं बक्सर को भी योजना की निगरानी कर विस्तृत प्रतिवेदन जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन के इस सख्त रुख से आम जनता को राहत की उम्मीद जगी है।

