
पटना, 26 दिसम्बर (पटना डेस्क) देश की राजधानी दिल्ली में बड़े लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को आखिरकार सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार शाम दिल्ली से आई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की विशेष टीम ने बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में छापेमारी कर मुख्य आरोपी समेत उसके दो साथियों को दबोच लिया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अमित कुमार सिंह उर्फ राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नया टोला का निवासी बताया जा रहा है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक आरोपी वर्ष 2015 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ दिल्ली में गंभीर ठगी का मामला दर्ज है, जिसमें उसने खुद को आरबीआई, सीबीआई और ब्रिटिश पुलिस फोर्स का अधिकारी बताकर एक व्यक्ति को 43 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया था।आरोप है कि ई-मेल के जरिए संपर्क कर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पीड़ित से करीब 3 लाख 46 हजार रुपये की ठगी की गई।

लोन नहीं मिलने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सीबीआई ने केस दर्ज किया था। लगातार फरार रहने पर दिल्ली की अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।गुप्त सूचना के आधार पर सीबीआई टीम ने रजौन बाजार के होटल में छापेमारी की, जहां से अमित कुमार सिंह और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस भी शामिल रही। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को सीबीआई की टीम दिल्ली लेकर रवाना हो गई। लंबे समय से फरार ठग की गिरफ्तारी को सीबीआई की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

