
पटना, 28 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात करीब 12 बजे एक भीषण रेल हादसे ने पूरे रेलवे तंत्र को हिला कर रख दिया। जसीडीह-झाझा रेल खंड पर टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बधुआ नदी पर बने पुल संख्या 676 पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई।

हादसा इतना भयावह था कि मालगाड़ी की कुल 17 बोगियां डिरेल हो गईं, जिनमें से 9 बोगियां सीधे नदी में जा गिरीं, 2 बोगियां पलट गईं और 12 बोगियां आपस में एक-दूसरे पर चढ़ गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज आवाज के साथ झटके महसूस हुए। मालगाड़ी के पायलट ने बताया कि अचानक झटका लगते ही उन्होंने इंजन बंद किया और नीचे उतरकर देखा तो कई डिब्बे पटरी से उतर चुके थे, जबकि कुछ नदी में गिर गए थे।

तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई। सूचना मिलते ही RPF और GRP की टीमें मौके पर पहुंचीं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर डटे हुए हैं। क्रेन की मदद से नदी में गिरे डिब्बों को निकालने और पटरी बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।इस हादसे के बाद जसीडीह-झाझा खंड के डाउन ट्रैक पर पूरी तरह परिचालन ठप हो गया है।

आसनसोल डिवीजन के PRO बिप्लब बोरी ने बताया कि कई ट्रेनों को झाझा और जसीडीह स्टेशन पर रोका गया है, जबकि कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। पूर्व रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे ने बुलेटिन जारी कर पुष्टि की है कि हावड़ा-दिल्ली रेल लाइन पर मेल-एक्सप्रेस, प्रीमियम, पैसेंजर और मालगाड़ियों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हजारों यात्री रास्ते में फंसे हैं। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रेल मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

