
बक्सर, 06 जनवरी (विक्रांत) मोदी सरकार द्वारा पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचाए जाने के विरोध में भाकपा माले की बक्सर जिला कमिटी ने देशव्यापी आह्वान के तहत ज्योति प्रकाश चौक पर जोरदार आंदोलन किया। यह विरोध 28 दिसंबर 2025 को हुए राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन की कड़ी में आयोजित किया गया। सुप्रीम कोर्ट के अरावली पर्वतमाला से जुड़े फैसले के बाद देशभर में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।

इसी क्रम में बक्सर में स्थानीय पर्यावरणीय मुद्दों, विशेषकर सोन नदी को बचाने के सवाल को भी प्रमुखता से उठाया गया।आंदोलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार विकास के नाम पर जंगल, पहाड़ और नदियों को बर्बाद कर रही है। अरावली का मामला इसका ताजा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि जनदबाव के कारण सरकार को कदम पीछे खींचने पड़े हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।प्रदर्शन में इटाही सचिव जगनारायण शर्मा, बक्सर नगर सचिव ओम जी, आरवाईए जिला संयोजक राजदेव सिंह, नासिर हसन, आइसा नगर सचिव अंकित सिद्धार्थ, ऐपवा की संध्या पाल, जिला कमिटी सदस्य जितेंद्र राम, राजाराम जी, माले नेता धर्मेंद्र यादव और अजय पांडे प्रमुख रूप से मौजूद रहे।आइसा, आरवाईए और ऐपवा के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। वक्ताओं ने साफ कहा कि पर्यावरण बचाने की यह लड़ाई आगे और तेज की जाएगी।

