
पटना, 30 दिसम्बर (पटना डेस्क) बीजेपी के झंडे लगे एक रथ पर सवार दिग्विजय सिंह और शशि थरूर की AI-जनरेटेड तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। बिहार सरकार में मंत्री रह चुके और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शकील अहमद ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस के खिलाफ साजिश करार दिया है।शकील अहमद ने फेसबुक पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि यह पूरी तरह काल्पनिक और भ्रामक है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की तस्वीर बनाने वाला व्यक्ति न सिर्फ दिग्विजय सिंह और शशि थरूर का विरोधी है, बल्कि कांग्रेस का भी बड़ा दुश्मन है। अहमद के अनुसार, ऐसी सामग्री जानबूझकर कांग्रेस को कमजोर करने के इरादे से फैलाई जा रही है।अपने पोस्ट में उन्होंने याद दिलाया कि 17 दिसंबर को उन्होंने शशि थरूर को लेकर लिखा था कि कुछ लोग लगातार उन्हें कांग्रेस से बाहर करने का माहौल बना रहे हैं। इसके बावजूद 27 दिसंबर को हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शशि थरूर की सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उन्हें संतोष हुआ।शकील अहमद ने संगठन के भीतर की राजनीति पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने लिखा कि कांग्रेस में नियुक्तियों को लेकर अक्सर यह तर्क दिया जाता है कि चूंकि किसी नेता को राहुल गांधी ने नियुक्त किया है, इसलिए उसका विरोध करना दरअसल राहुल गांधी का विरोध है। उन्होंने इसे पुराना और गलत तर्क बताया।उन्होंने 2015–16 का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय भी प्रदेश अध्यक्षों के विरोध के दौरान यही दलील दी जाती थी। तब उन्होंने साफ कहा था कि राहुल गांधी किसी एक गुट के नेता नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस के सभी वर्गों के नेता उनका सम्मान करते हैं।

