नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को सितंबर 2025 के लिए ICC मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्हें यह सम्मान एशिया कप 2025 में दमदार प्रदर्शन के लिए मिला। वहीं, महिला वर्ग में टीम इंडिया की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को यह खिताब मिला है।
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप में 7 मैचों में 314 रन बनाए थे और वह टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे। उनकी बैटिंग का स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर रहा, जो टी20 क्रिकेट में बेहद दुर्लभ है। उन्होंने टूर्नामेंट में 3 अर्धशतक, 32 चौके और 19 छक्के जड़े, जो कि किसी भी बल्लेबाज से सबसे अधिक थे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी घोषित किया गया था।

एशिया कप में शानदार बल्लेबाजी के दम पर अभिषेक ने ICC T20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भी इतिहास रचा। उन्होंने 931 रेटिंग पॉइंट्स हासिल कर इंग्लैंड के डेविड मलान का 919 अंकों का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अवॉर्ड मिलने पर अभिषेक शर्मा ने कहा,
“ICC अवॉर्ड पाकर बहुत खुशी हो रही है। ये पुरस्कार खास है क्योंकि यह भारत की जीत में मेरे योगदान को दर्शाता है। हमारी टीम की मानसिकता और माहौल ही हमारी लगातार जीत का राज है।”
दूसरी ओर, स्मृति मंधाना ने महिला क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से यह सम्मान हासिल किया। यह पुरस्कार दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और भारत की क्रिकेट ताकत को दर्शाता है।

