समस्तीपुर, 27 सितम्बर (निज संवाददाता) आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री व बीजेपी के रणनीतिकार अमित शाह समस्तीपुर पहुंचे।

सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण कॉलेज में आयोजित बैठक में मिथिलांचल और तिरहुत प्रमंडल के आठ जिलों के पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया।अमित शाह के स्वागत में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा की।

वहीं, नवरात्र के अवसर पर पारंपरिक लाल-गुलाबी परिधानों में सजी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के सम्मान में स्वागत गीत गाकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। बैठक के दौरान अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दिशा-निर्देश दिए और बूथ स्तर तक मजबूत तैयारी करने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि एनडीए इस बार पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी और भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
कार्यकर्ताओं में शाह के आगमन से जबरदस्त जोश देखा गया। बैठक में सभी आठ जिलों के विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि शाह से प्राप्त रणनीतिक मंत्र के साथ वे आगामी चुनाव में पार्टी को निर्णायक बढ़त दिलाएंगे।

