नई दिल्ली, 06 नवम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों तू मेरी मैं तेरा और चांद मेरा दिल को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि अब खबर है कि वह एक बड़े प्रोजेक्ट से बाहर हो गई हैं। बताया जा रहा है कि अनन्या को अमृता शेरगिल की बायोपिक से रिप्लेस कर दिया गया है और उनकी जगह एक्ट्रेस तान्या मानिकतला को कास्ट किया जा सकता है।

तान्या ने ए सूटेबल बॉय और किल जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता था। साथ ही वह राजकुमार राव के अपोजिट एक नए प्रोजेक्ट में भी नजर आने वाली हैं। हालांकि जब पत्रकारों ने तान्या से इस खबर पर बात की, तो उन्होंने इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं की। तान्या ने कहा, “मुझे नहीं पता यह जानकारी कहां से आई है। मुझे अमृता शेरगिल प्रोजेक्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं है, इसलिए मैं इस पर कुछ नहीं कह सकती।”

राजकुमार राव के साथ अपनी फिल्म पर उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन उस पर काम चल रहा है। उन्होंने आगे कहा, “अब जब यह काम कर रहा है, तो मैं अपने लकी स्टार्स की शुक्रगुजार हूं। हालांकि मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी। एक दिन यह तो होना ही था, इसलिए मैं खुश हूं कि मैं इस मौके के लिए तैयार हूं।”

