पटना, 8 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार में एक और इंजीनियर पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकंजा कस गया है। भवन निर्माण विभाग के विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रणव कुमार के पटना, भागलपुर और दरभंगा स्थित ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बुधवार सुबह छापेमारी शुरू की।

प्रणव कुमार वर्तमान में भागलपुर और मुजफ्फरपुर में कार्यपालक अभियंता के अतिरिक्त प्रभार में हैं। वर्ष 2014 में नौकरी शुरू करने वाले प्रणव कुमार के खिलाफ प्रारंभिक जांच में 1.59 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का साक्ष्य मिला है। उनके खिलाफ एसवीयू थाना कांड संख्या 22/25 दर्ज किया गया है।
दरभंगा के लहेरियासराय थाना अंतर्गत हाउसिंग कॉलोनी स्थित किराए के मकान पर भी टीम ने कार्रवाई की। सूत्रों के मुताबिक छापेमारी में नकदी, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद हुई है। टीम अभियंता सहित दो अन्य कर्मियों से पूछताछ कर रही है।
विजिलेंस अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर की गई है और जांच पूरी होने पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

