समस्तीपुर, 31 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शुक्रवार को एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री और भारत की आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि (शहादत दिवस) तथा भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री, लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मोहम्मद अबू तमीम ने की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित वक्ताओं ने उनके अमूल्य योगदानों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में अध्यक्ष मो. अबू तमीम ने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका अटूट साहस और निर्णायक नेतृत्व आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत के एकीकरण में जो योगदान दिया, वह इतिहास में अमर रहेगा। उन्होंने देश के सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

