नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) दुनिया के दिग्गज उद्योगपतियों में शुमार एलन मस्क ने एक और नया कीर्तिमान रच दिया है। दिवाली से ठीक पहले टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ मस्क की संपत्ति में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। वे अब इतिहास के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिनकी कुल संपत्ति 500 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 41.5 लाख करोड़ रुपये) के करीब पहुंच चुकी है।
फोर्ब्स के अनुसार, बुधवार तक मस्क की नेटवर्थ 499.5 अरब डॉलर दर्ज की गई थी। यह रिकॉर्ड टेस्ला के शेयरों में आई तेज़ तेजी, स्पेसएक्स के बढ़ते मूल्यांकन और उनके नए एआई स्टार्टअप xAI के कारण संभव हो पाया।

मस्क की संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला से आता है। साल 2025 में अब तक टेस्ला के शेयरों में 14 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो चुकी है। सिर्फ बुधवार को ही टेस्ला के शेयर करीब 4 प्रतिशत उछले, जिससे एलन मस्क की संपत्ति में एक ही दिन में 7 अरब डॉलर का इजाफा हो गया।
टेस्ला के बोर्ड ने हाल ही में साफ किया कि कंपनी का भविष्य मस्क से ही जुड़ा है। बोर्ड ने मस्क को 1 ट्रिलियन डॉलर के मुआवजा पैकेज की पेशकश की है। टेस्ला अब खुद को एआई और रोबोटिक्स के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी के रूप में स्थापित करना चाहती है।
इसके अलावा मस्क की दूसरी कंपनियों ने भी उनकी संपत्ति में अहम योगदान दिया है। SpaceX, जो प्राइवेट स्पेस लॉन्चिंग में सबसे आगे है, उसका वैल्यूएशन तेजी से बढ़ रहा है। वहीं मस्क की नई कंपनी xAI भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है, जो OpenAI जैसी कंपनियों को चुनौती देने के लिए तैयार है।
फोर्ब्स की सूची में दूसरे स्थान पर ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन हैं, जिनकी संपत्ति 351.5 अरब डॉलर है।
एलन मस्क की यह उपलब्धि साबित करती है कि वे कार, रॉकेट और एआई जैसे कई क्षेत्रों में अपनी असाधारण पकड़ और नवाचार से दुनिया के सबसे प्रभावशाली कारोबारी बन चुके हैं।

