पटना, 12 दिसम्बर (पटना डेस्क)। बिहार में ठंड ने इस बार कुछ जल्दी दस्तक दे दी है। पश्चिमी विक्षोभ और 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा के कारण पूरे राज्य में कनकनी तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अगले एक सप्ताह तक बिहारवासियों को ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

पूर्वी व पश्चिमी चम्पारण, सीतामढ़ी, शिवहर और गोपालगंज समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, पछुआ हवा और लगातार छाए रहने वाले कोहरे के कारण वायुमंडल के निचले स्तर पर ठंडी हवाएँ जमी हुई हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है।
अगले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर, सुपौल, पश्चिम तथा पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, पटना, बेगूसराय, सारण, सीवान, मधुबनी, दरभंगा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, बांका और भागलपुर में सुबह व रात के समय मध्यम से घना कोहरा छाने का अनुमान है। कुछ इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक घट सकती है, जबकि अन्य जिलों में भी धुंध और हल्का कोहरा बना रहेगा।

