
समस्तीपुर, 15 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) शहर के कर्पूरी सभागार में उस समय उत्साह का माहौल चरम पर पहुंच गया, जब किडजी विद्यालय के 12वें वार्षिक उत्सव में नन्हीं छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजी बच्चियों ने 12 प्रकार के आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्य कृष्ण सिंह और मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत हुई।नृत्य प्रस्तुति में यशवंत पाराशर, श्वेता भारती की पुत्री यशिका सिंह समेत कई छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

संगीत एवं नृत्य शिक्षिका अनीशा सिंह के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम ने भव्य रूप लिया।पूरे आयोजन के दौरान तालियों की गूंज से सभागार थर्रा उठा। अंत में सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

