
पूर्णिया, 09 फरवरी (राजेश कुमार झा) जल संसाधन विभाग, बिहार द्वारा किशनगंज जिले में स्थित रमजान नदी के डिसिल्टेशन, चैनेलाइजेशन एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए कार्यान्वयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। यह योजना जिले में बाढ़ नियंत्रण एवं जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।₹987.01 लाख की लागत से क्रियान्वित की जा रही इस योजना के अंतर्गत रमजान नदी से गाद निकासी, नदी प्रवाह को सुव्यवस्थित करने हेतु चैनेलाइजेशन तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

इन कार्यों का उद्देश्य नदी की जल वहन क्षमता में वृद्धि करना एवं वर्षा एवं बाढ़ के समय जल निकासी को सुचारु बनाना है।योजना के पूर्ण होने पर किशनगंज प्रखंड अंतर्गत रमजान नदी से प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव एवं बाढ़ की समस्या का प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। इससे जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ आवासीय एवं कृषि क्षेत्रों को स्थायी संरक्षण प्राप्त होगा।इसके अतिरिक्त, नदी के सौंदर्यीकरण कार्य से पर्यावरणीय स्वरूप में सुधार होगा तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परिवेश उपलब्ध हो सकेगा।

यह पहल शहरी एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जीवन गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगी।प्रशासन का मानना है कि समयबद्ध क्रियान्वयन से भविष्य में आपदा जोखिम घटेगा और विकास को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र की सामाजिक आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आम जनता को दीर्घकालिक राहत प्राप्त हो सकेगी।

