समस्तीपुर, 18 दिसम्बर (राजेश झा) बिहार समेत उत्तर भारत में छाए घने कुहासे का सीधा असर समस्तीपुर रेलमंडल से गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ रहा है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दृश्यता कम होने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों की रफ्तार थम सी गई है, जिससे समस्तीपुर, दरभंगा और कटिहार रूट की कई प्रमुख ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं।

समस्तीपुर रेलमंडल के तहत चलने वाली 02570 दिल्ली–दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस आज करीब 10 घंटे लेट हो गई। यह ट्रेन सुबह 8:05 बजे समस्तीपुर जंक्शन पहुंचने वाली थी, लेकिन इसके रात करीब 10 बजे पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। दरभंगा पहुंचते-पहुंचते यह ट्रेन लगभग 12 घंटे की देरी का शिकार हो जाएगी।इसी तरह 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस करीब 3 घंटे विलंब से चल रही है। 15566 वैशाली एक्सप्रेस को समस्तीपुर जंक्शन पर 3:50 बजे आना था, लेकिन यह 6:50 बजे पहुंची, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा।पैसेंजर ट्रेनों की हालत भी बेहतर नहीं है। 63307 कटिहार–समस्तीपुर सवारी गाड़ी लगभग 3 घंटे लेट है, जबकि 00393 भारत गौरव एक्सप्रेस भी करीब 3 घंटे की देरी से चल रही है। वहीं 15028 मार्च एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से गुजरी।लगातार हो रही देरी से यात्रियों में आक्रोश है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

