पटना, 15 अक्तूबर (पटना डेस्क) डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के प्रसार शिक्षा निदेशालय स्थित संचार केंद्र के पंचतंत्र सभागार में मंगलवार को आरपीएल एवं डोमेन विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कृषि विज्ञान केंद्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय ने कहा कि किसानों की कौशल दक्षता बढ़ाने हेतु इस प्रकार के प्रशिक्षण आवश्यक हैं और विश्वविद्यालय वित्तीय सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षित अध्यापक, मास्टर ट्रेनर व आधारभूत संरचना पहले से उपलब्ध हैं।

बामेती पटना के निदेशक धनंजयपति त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि के रूप में बिहार कौशल विकास मिशन व आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी। तकनीकी सत्रों में उप निदेशक शारदा शर्मा, अजीत कुमार सहित अन्य विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, वैज्ञानिक, मास्टर ट्रेनर व तकनीकी कर्मचारी शामिल हुए। संचालन डॉ. बिनीता सतपथी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजीव कुमार ने दिया।

