समस्तीपुर, 19 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें भागलपुर के सर्किट हाउस में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। गुरुवार देर रात भागलपुर पहुंचने के बाद उन्हें तेज बुखार, कमजोरी और वायरल संक्रमण के लक्षण महसूस हुए। तुरंत चिकित्सकीय टीम को बुलाया गया और उनका उपचार शुरू किया गया।

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक प्रोफेसर डॉ. आनंद सिन्हा ने बताया कि मंत्री जी को वायरल फीवर के साथ टाइफाइड की पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रामनाथ ठाकुर पूर्व से ही ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और प्रोस्टेट की समस्याओं से ग्रसित हैं, ऐसे में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल मंत्री की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की देखरेख में स्लाइन व दवाओं के जरिये इलाज जारी है।
मंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन, जदयू नेत्री कहकशां परवीन, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सर्किट हाउस पहुंचकर उनका हालचाल लिया और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं, जिले व क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों और आम लोगों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। मुखिया राजीव कुमार सिंह, जग नारायण महतो, बनारसी ठाकुर, शकुंतला वर्मा, भाजपा नेत्री विमला सिंह, पूर्व सांसद अश्वमेघ देवी, सुबोध कुमार सिंह, अनस रिज़वान सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं।

