
पटना 23 दिसम्बर (पटना डेस्क) गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के उचौली पंचायत अंतर्गत खैरा गांव में धान कटनी के दौरान करंट लगने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतकों में दो सगे चचेरे भाई शामिल हैं।जानकारी के अनुसार खेत में धान कटनी के लिए बिजली का तार बिछाया जा रहा था। इसी दौरान तार अचानक पास की पानी की टंकी में गिर गया। तभी 20 वर्षीय गोलू यादव करंट की चपेट में आ गया।

उसे बचाने के लिए उसका चचेरा भाई नीतीश कुमार यादव दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में गांव के ही राजकुमार यादव उर्फ राजा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

